स्कॉर्पियो की टक्कर से 7 वर्षीय मासूम की मौत, अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज
नाहन में सड़क हादसे में एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत मामले में पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाहन 29 मई, 2026 :
नाहन में सड़क हादसे में एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत मामले में पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 की रात पुलिस चौकी गुन्नुघाट, नाहन को सूचना मिली कि लखदाता पीर के पास सड़क हादसे में घायल एक बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां अयान सूर्या (7 वर्ष) पुत्र राकेश सूर्या निवासी गांव चुनवी, डाकघर चाढ़ना, तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर उपचाराधीन मिला।
उस समय बच्चे की माता नीरज भी अस्पताल में मौजूद थीं। घायल अयान बयान देने की स्थिति में नहीं था। माता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे को लखदाता पीर के समीप एक स्कॉर्पियो वाहन ने टक्कर मारी है। हादसे के बाद माता काफी घबराई हुई थीं और विस्तृत बयान नहीं दे सकीं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। हालांकि घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
इस संबंध में थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गंभीर रूप से घायल अयान को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी वाहन चालक की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को चंडीगढ़ भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
What's Your Reaction?



