सिरमौर में गहरी खाई में गिरी बोलेरो, महिला ने तोड़ा दम, 8 लोग घायल
जिला सिरमौर के पुलिस थाना शिलाई क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को दिन के समय बोलेरो कैंपर (HP62-3397) टिम्बी से कुराया की ओर जा रही थी। इसी दौरान चढ़ाई वाले रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से करीब 10 से 15 मीटर नीचे ढलान में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। हादसे में इन्द्र सिंह, तारा देवी, जीत सिंह, लीला देवी, केसो देवी, विनोद, कुलदीप सिंह, शकुंतला देवी और कर्ण घायल हो गए। इनमें से शकुंतला देवी, जीत सिंह और कर्ण को उपचार के लिए पांवटा साहिब ले जाया गया, जबकि अन्य घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने लीला देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में अन्य घायलों को भी काफी चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बोलेरो कैंपर के चालक कुलदीप सिंह की लापरवाही और वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस थाना शिलाई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?



