मुख्यमंत्री ने कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के प्रथम चरण का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के निकट पोआबो गांव में वन विभाग द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित महत्वाकांक्षी इको-टूरिज्म एवं नेचर इंटरप्रिटेशन प्रोजेक्ट कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के प्रथम चरण का लोकार्पण किया

Jun 5, 2026 - 20:24
 0  26
मुख्यमंत्री ने कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के प्रथम चरण का किया लोकार्पण

यंगवार्ता न्यूज शिमला 5 जून, 2026 : 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के निकट पोआबो गांव में वन विभाग द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित महत्वाकांक्षी इको-टूरिज्म एवं नेचर इंटरप्रिटेशन प्रोजेक्ट कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। लगभग 8 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस परियोजना में 2.5 किलोमीटर लंबा प्रकृति पथ (नेचर ट्रेल) विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता, प्रकृति के प्रति रुचि, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।


इस ट्रेल को हल्की ढलान के साथ इस प्रकार विकसित किया गया है कि सभी आयु वर्ग के लोग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिक और बच्चे, आसानी से इसका आनंद ले सकें। पहाड़ी की चोटी से आसपास के हिमालयी क्षेत्र के मनमोहक दृश्य दिखाई देते हैं, जिनमें शाली शिखर, महासू शिखर, नालदेहरा हॉर्स ट्रेल, मशोबरा, क्रैगनैनो नेचर पार्क तथा शिमला जलग्रहण क्षेत्र प्रमुख हैं। परियोजना का एक विशेष आकर्षण वामन वृक्ष मंडल (बोनसाई उद्यान) है, जिसमें 15 प्रजातियों के लगभग 40 बोनसाई पौधे प्रदर्शित किए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के अंतर्गत स्वीकृत 16 सड़कों के निर्माण के लिए 5.20 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं, मक्का, जौ, हल्दी और अदरक के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में उल्लेखनीय वृद्धि की है, जिससे प्रदेश के हजारों किसानों को लाभ मिल रहा है। गेहूं का एमएसपी 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्का का 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम तथा चंबा जिले की पांगी घाटी में उत्पादित जौ का एमएसपी 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। कच्ची हल्दी का एमएसपी 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया है, जबकि प्राकृतिक खेती से उगाई गई अदरक अब 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सरकारी खरीद में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में गाय के दूध का समर्थन मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का मूल्य 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की 251 जिला परिषद सीटों में से केवल 98 सीटें जीतने के बावजूद भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए लगातार भ्रामक जानकारी फैला रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों ने 53 शहरी स्थानीय निकायों में से 29 में विजय प्राप्त की, जबकि भाजपा विचारधारा से जुड़े उम्मीदवार केवल 21 निकायों में जीत दर्ज कर सके। इसके अतिरिक्त प्रदेशभर की पंचायतों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े बड़ी संख्या में प्रधान और उप-प्रधान भी निर्वाचित हुए हैं।


उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धनबल के दुरुपयोग के माध्यम से अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास किया, लेकिन जनता और प्रदेश के देवी-देवताओं के आशीर्वाद से उप-चुनावों के बाद कांग्रेस विधायकों की संख्या पुनः 40 तक पहुंच गई। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने शिमला नगर निगम चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। उन्होंने बताया कि आसपास की पंचायतों में एफआरए के अंतर्गत 120 सड़कें स्वीकृत की गई हैं, जबकि 124 सड़कों का उन्नयन कार्य और इन्हें पक्का किया जा चुका है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और कमियाना ट्रेल के विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर प्रधान मुख्य अरण्यपाल डॉ. संजय सूद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="500" height="900" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />
src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="340" height="600" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />