स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल क्रांति की ओर हिमाचल, एचएमआईएस से एक क्लिक पर मिलेगी मरीज की पूरी जानकारी
प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में अनेक नवोन्मेषी कदम उठाए हैं। इस क्रम में अब जल्द ही चिकित्सकों को मरीजों का पूरा चिकित्सीय विवरण और जांच रिपोर्ट एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीज और चिकित्सक को उपचार प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) लागू करने जा रही है।
राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और प्रदेश के विभिन्न राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी)/डेटा एंट्री ऑपरेटरों के 561 पद भरेगी। इनमें चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला में 20, इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में 100, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में 61, पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में 50, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 100, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में 90, डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नाहन में 50, राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल शिमला में 20 तथा अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाना में 70 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में डेटा एंट्री ऑपरेटरों के 100 पद भरे जाएंगे।
ये कर्मचारी ई-ऑफिस, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन पत्राचार, एचएमआईएस संचालन, डेटा प्रबंधन, रिपोर्ट एवं विवरण तैयार करने, सरकारी पोर्टल संचालन, ई-वेतन से संबंधित कार्यों, ऑनलाइन भर्ती एवं स्थापना संबंधी मामलों तथा सरकारी ई-मार्केटप्लेस के माध्यम से खरीद प्रक्रिया सहित विभिन्न तकनीक आधारित प्रशासनिक एवं संस्थागत गतिविधियों में सहयोग करेंगे। इनकी तैनाती से विद्यार्थियों, शिक्षण संकाय, चिकित्सा एवं गैर-चिकित्सा कर्मचारियों, मरीजों, अस्पतालों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित डेटा प्रबंधन भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी होगा।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त श्रम शक्ति, आधुनिक तकनीक और बेहतर आधारभूत ढांचे से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तरोन्नयन को प्राथमिकता प्रदान कर रही है, ताकि प्रदेशवासियों को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें और उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एचएमआईएस की शुरुआत और चिकित्सा संस्थानों में आईटी से संबंधित कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों के आधुनिकीकरण, मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा तकनीकी प्रगति का लाभ प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
What's Your Reaction?


