एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में टीमें गठित
हिमाचल प्रदेश में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में टीमें गठित कर दी गई हैं। यह टीमें शिकायत प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई करेंगी
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 14-03-2026
हिमाचल प्रदेश में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में टीमें गठित कर दी गई हैं। यह टीमें शिकायत प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई करेंगी।
मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने पैट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर सचिव पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में घरेलू गैस आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं है।
मुख्य सचिव ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सर्वर पर बुकिंग की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह केवल एक बार ही गैस बुकिंग करें ताकि सर्वर पर लोड न पड़े। प्रदेश में सभी परिवारों को मिट्टी तेल देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत जिला में दो या तीन डीलर नियुक्त किए जाएंगे।
उन्होंने जनता से आग्रह किया कि कालाबाजारी व जमाखोरी से संबंधित शिकायत के लिए विभागीय टोल फ्री नंबर 1967 और 1100 पर संपर्क करें। बताया गया कि भारत सरकार शीघ्र ही पिछली लागत के अनुरूप 20 प्रतिशत व्यावसायिक गैस सिलिंडर जारी करने जा रही है। मिट्टी तेल का भी पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है।
प्रदेश में गैस सिलिंडरों को लेकर स्थिति आउट ऑफ कंट्रोल नहीं है। तेल और गैस कंपनियों के साथ जिला उपायुक्त संपर्क बनाए हुए हैं। प्रदेश में कालाबाजारी की कोई सूचना नहीं है। खाद्य आपूर्ति महकमा इसकी लगातार निगरानी कर रहा है। यह बात शुक्रवार को मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने कही। सरकार हालात की लगातार मॉनीटरिंग कर रही है। प्रदेश में स्थिति ठीक है।
What's Your Reaction?



