यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 08-11-2026
जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में STF शिमला की टीम ने पुलिस थाना कालाअंब के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 11.46 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को STF शिमला की पुलिस टीम कालाअम्ब क्षेत्र में गश्त पर थी।
इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा नंबर की मोटरसाइकिल (HR02AJ4689) पर सवार दो व्यक्ति नशे की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 11.46 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। आरोपियों की पहचान गगनदीप (32), निवासी बेरखेड़ी माजरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) तथा सन्नी कुमार (30), निवासी सकरपुरा , तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार थे।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस थाना कालाअंब में NDPS एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।