सलासी में स्थापित किया गया है ‘किताब घर’
यशपाल साहित्य प्रतिष्ठान नादौन के भवन को गिराकर उसकी जगह राज्य स्तरीय पुस्तकालय के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ होने के कारण भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग ने पुराने भवन में चल रहे किताब घर को फिलहाल सलासी में स्थित जिला भाषा अधिकारी कार्यालय एवं संस्कृति सदन में स्थानांतरित कर दिया है।
हमीरपुर 18 मई, 2026 :

जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल ने बताया कि यशपाल साहित्य प्रतिष्ठान, नादौन के भवन को गिराया जा रहा है। इसलिए, पुराने भवन में संचालित किए जा रहे किताब घर को अभी अस्थायी तौर पर जिला भाषा अधिकारी कार्यालय एवं संस्कृति सदन सलासी में स्थापित किया गया है, ताकि साहित्य प्रेमियों, पाठकों एवं शोधार्थियों को इस किताब घर में भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी, जिला हमीरपुर और अन्य जिलों के साहित्यकारों एवं लेखकों की पुस्तकें व पत्रिकाएं बिक्री के लिए उपलब्ध करवाई जा सकें।
जिला भाषा अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा नादौन में राज्य स्तरीय आधुनिक पुस्तकालय निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे यहां पाठकों, साहित्यकारों एवं शोधार्थियों को बेहतर अधोसंरचना एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने लेखकों एवं आम पाठकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे संस्कृति सदन सलासी में स्थापित किताब घर में आकर पुस्तकों का अवलोकन करें तथा अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें खरीदें। विभाग का यह प्रयास साहित्य एवं पठन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
जिला भाषा अधिकारी ने कहा कि विभाग का उद्देश्य साहित्य, भाषा, कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन के साथ-साथ पाठकों तक पुस्तकों की सहज पहुंच सुनिश्चित करना है।
What's Your Reaction?