नाहन में कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री,मीठे पानी की छबील लगाकर हर किसी का खींचा ध्यान
शुक्रवार को जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक दिल्ली गेट के समीप “कॉकरोच जनता पार्टी” के बैनर तले स्थानीय युवाओं द्वारा एक छबील का आयोजन किया गया। अपने अनोखे और मजेदार नाम की वजह से यह आयोजन राहगीरों और बाजार आने-जाने वाले लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
नाहन 29 मई, 2026 :
भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आयोजित इस छबील ने लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ सड़क से गुजरने वाले हर व्यक्ति को रोककर ठंडा नींबू पानी पिलाया। गर्म मौसम में इस सेवा भाव को लोगों ने खूब सराहा और राहगीरों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली।
आयोजन के दौरान युवाओं ने सामाजिक संदेश देते हुए बताया कि “कॉकरोच जनता पार्टी” किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर शुरू किया गया एक व्यंग्यात्मक और रचनात्मक अभियान है। इसका उद्देश्य हास्य और मीम्स के माध्यम से युवाओं की सोच और समाज से जुड़े मुद्दों को हल्के-फुल्के अंदाज में सामने लाना है।
स्थानीय लोगों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में इस तरह के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
What's Your Reaction?



