यंगवार्ता न्यूज - चंबा, 3 अक्तूबर :
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने इस दौरान खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया ।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में चंबा जिला के 93 विद्यालयों के 900 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, जूडो, कराटे सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
मुकेश रेपसवाल ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, परिश्रम, एकाग्रता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित करते हैं। ये गुण उन्हें भावी जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में सक्षम बनाते हैं।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से अपनी परिस्थितियों को सफलता के मार्ग में बाधा न बनने देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों से निकलकर भी अनेक खिलाड़ियों ने आज राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह साबित करता है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया।
मुकेश रेपसवाल ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों में से अनेक प्रतिभाएं भविष्य में जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
उपायुक्त को इस दौरान आयोजन समिति की ओर से सम्मानित भी किया गया।
उप निदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन ने इससे पहले स्वागत संबोधन रखते हुए आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर उपनिदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता उपमा शर्मा, सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा, शिक्षा विभाग के अधिकारी,विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य,शिक्षक-प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।