यंगवार्ता न्यूज - नालागढ़ 29 सितंबर :
औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत दयोली गांव में मंगलवार सुबह एक मकान की दीवार के पास ग्रेनेड मिलने से हडक़ंप मच गया। घटना ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब सामने आया कि इससे एक रात पहले गांव के दो परिवारों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई थी। सुबह करीब आठ बजे एक पक्ष ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर की दीवार के पास ग्रेनेड पड़ा है और इसे दूसरे पक्ष की ओर से फेंके जाने का संदेह है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया तथा मौके के आसपास आवाजाही रोक दी गई। ग्रेनेड मिलने की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान भी दयोली पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए आर्मी और पुलिस के बम निरोधक दस्तों को बुलाया गया है। पुलिस ने संदिग्ध विस्फोटक के आसपास सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया है और किसी को भी नजदीक जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात गांव के दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामला बढऩे पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें लोगों को चोटें भी आईं। इस संबंध में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है। इसी घटनाक्रम के कुछ घंटों बाद मंगलवार सुबह एक पक्ष ने अपने घर की दीवार के पास ग्रेनेड मिलने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल क्षेत्र को खाली करवाने और विस्फोटक को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू की। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट को लेकर क्रॉस केस दर्ज किया गया है। ग्रेनेड बरामद होने के मामले में भी पूछताछ और जांच चल रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करना और आबादी वाले क्षेत्र से हटाना है।