बिना सूचना दिए टीम से नाम काटने का आरोप, बास्केटबॉल खिलाड़ी मोनिका ठाकुर ने चयन समिति पर लगाए आरोप
बास्केटबॉल की सीनियर महिला टीम से कई बार जिला का प्रतिनिधित्व कर चुकी खिलाड़ी मोनिका ठाकुर ने बास्केटबॉल चयन समिति पर टीम से नाम काटने के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि हाल ही में हुए ट्रायल में उनका चयन हुआ था और उन्होंने कैंप में भी उपस्थिति दर्ज करवाई, लेकिन टीम की अंतिम सूची में बिना कोई जानकारी दिए उनका नाम शामिल नहीं किया गया। मोनिका ठाकुर नाहन में आज मीडिया से बात कर रही थी।
बास्केटबॉल खिलाड़ी मोनिका ठाकुर का कहना है कि वह वर्ष 2019 से कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 1 नवंबर को आयोजित बास्केटबॉल ट्रायल में भी उनका चयन हुआ था, जिसके बाद 16 नवंबर से आयोजित प्रशिक्षण कैंप में उन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
मोनिका का कहना है कि कैंप के दौरान उन्होंने चयन समिति से अनुमति लेकर एक अन्य ISD ट्रेनिंग में हिस्सा लिया था। इसके बाद वह निर्धारित समय सीमा के भीतर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम रवाना होने से पूर्व वापस पहुंच गई थीं। लेकिन जब जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से ग्रुप में टीम की सूची साझा की गई, तो उसमें उनका नाम शामिल नहीं था। खिलाड़ी के अनुसार, इस संबंध में बास्केटबॉल संगठन से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मोनिका ठाकुर ने कहा कि बीते वर्ष भी उनके साथ इसी प्रकार उनको बाहर किया गया था। उन्होंने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए संगठन और सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। खिलाड़ी का आरोप है कि यदि चयन हुआ था और कैंप में उपस्थिति भी दर्ज करवाई गई, तो बिना किसी सूचना के टीम से नाम हटाने का कारण स्पष्ट किया जाना चाहिए।
What's Your Reaction?


