यंगवार्ता न्यूज चम्बा (सिहुंता), 17 जून :
विधानसभा अध्यक्ष एवं भटियात विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने सिहुंता छिंज मेला कमेटी द्वारा आयोजित "स्टार नाइट" कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि छिंज, मेले और त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि सामाजिक एकता एवं भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि सिहुंता छिंज मेला कमेटी द्वारा आयोजित "स्टार नाइट" कार्यक्रम को अगले वर्ष से "भटियात उत्सव" के रूप में मनाया जाएगा, ताकि लोगों को भटियात विधानसभा क्षेत्र की स्थानीय पारंपरिक एवं लोक संस्कृति की झलक देखने को मिल सके तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने अपनी ओर से 51 हजार रुपये का चेक भेंट कर मेला कमेटी को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर फॉरेस्ट कॉर्पोरेशन के निदेशक कृष्ण चंद चेला, प्रधान ग्राम पंचायत सिहुंता अनिल कुमार, उप प्रधान मदन सिंह, बीडीसी सदस्य मुकेश कुमार, छिंज मेला कमेटी के प्रधान चूड़ सिंह गुलेरिया, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित मनोज महाजन, वरयाम सिंह, सरदार सिंह सहित मेला कमेटी के अन्य सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।