विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आईटीआई नाहन में जागरूकता एवं प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, नाहन के सौजन्य से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खंड नाहन के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नाहन में जागरूकता एवं प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, नाहन के सौजन्य से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खंड नाहन के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नाहन में जागरूकता एवं प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के प्रधानाचार्य अशरफ अली रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण से संबंधित अपने विचार एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं।
भाषण प्रतियोगिता में मोनिका ने प्रथम, रिया चौहान ने द्वितीय तथा सीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में फाईमा ने प्रथम, उमर ने द्वितीय तथा अमीषा ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित ममता, अरविंद एवं रतन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल, मनीषा एवं रेणु भी उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्य अतिथि अशरफ अली ने विद्यार्थियों को विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी तथा कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल, अध्यापकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। विजेता प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई दी गई तथा अन्य प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ सहभागिता करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर मेरा युवा भारत, नाहन की कार्यालय सहायक रीता देवी तथा स्वयंसेवी रितिका, अमन, लक्ष्मी एवं मिक्ष्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



