यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 18-07-2025
हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान बारिश से भारी नुकसान हुआ है. राज्य सरकार को अब तक करीब एक हज़ार करोड़ रुपए का नुक़सान हो चुका है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार तेज़ी से पुनर्वास के काम में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सबसे ज़्यादा नुक़सान जिला मंडी में हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का गृह विधानसभा क्षेत्र सिराज सबसे ज्यादा प्रभावित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश का पक्ष केंद्र सरकार के सामने रखा है और विशेष राहत पैकेज की मांग उठायी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के इस वक्त में राजनीति से ऊपर उठकर प्रभावितों तक मदद पहुंचाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी हिमाचल में प्रभावित इलाके में पहुंचकर खुद की स्थिति का जायज़ा लेने का आग्रह किया।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत पैकेज की भी मांग की गई है। इसी तरह केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुख्यमंत्री ने कर्ज की सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों तक हर संभव मदद पहुंचा रही है। प्रभावितों को मदद पहुंचाने में किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही।