मेजर खेलकूद प्रतियोगिता में बॉयज़ स्कूल नाहन का दबदबा, हैंडबॉल में पहली बार विजेता
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र नाहन के खिलाड़ियों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तारूवाला, पांवटा साहिब में आयोजित जिला स्तरीय मेजर खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं नाहन शहर का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में बॉयज़ स्कूल नाहन ने हैंडबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी टीमों को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विद्यालय के इतिहास में यह पहली बार है जब नाहन स्कूल ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हैंडबॉल की ट्रॉफी जीती है। इसके अतिरिक्त टेबल टेनिस में प्रथम स्थान तथा फुटबॉल में तृतीय स्थान प्राप्त कर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कुसुम लता कौशल जी ने खिलाड़ियों की तैयारियों एवं प्रतियोगिता की जिम्मेदारी विद्यालय के शारीरिक शिक्षक श्री अजय शर्मा जी को सौंपी थी, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के अंतिम चरण तक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस शानदार उपलब्धि पर शारीरिक शिक्षक श्री अजय शर्मा, प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा श्री विवेक पाल तथा शारीरिक शिक्षिका श्रीमती गीता शर्मा को हार्दिक बधाई दी गई। साथ ही सभी विजेता खिलाड़ियों, अध्यापकगण, अभिभावकों तथा नाहन शहरवासियों को भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
हैंडबॉल की ऐतिहासिक ट्रॉफी नाहन के नाम होने से पूरे नाहन शहर एवं क्षेत्र में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने विद्यालय के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है।
What's Your Reaction?
