ब्रह्माकुमारीज संस्था मानवता की सेवा और समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान की दिशा में कर रही सराहनीय कार्य- डॉ. शांडिल
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था मानवता की सेवा और समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है।
डॉ. शांडिल आज यहां ब्रह्माकुमारीज सोलन एवं समाज सेवा प्रभाग माउंट आबू राजस्थान के सौजन्य से ‘संगम’ गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन कार्यक्रम के तहत आध्यात्मिक समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण प्रदान करके ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रदेश सरकार यथासम्भव प्रयास कर रही है। किन्तु इसके लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज सहित सभी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से आग्रह किया कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में आगे आएं तथा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर संस्था को 51 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। डॉक्टर के.के. रैना ने सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी दीदी बी.के. सुषमा, प्रदेश कांग्रेस समिति पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, ग्राम पंचायत मनसार के प्रधान जय प्रकाश, उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, संधिरा सिंह सीनू, आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
What's Your Reaction?


