भोरंज में हो रहे हैं 550 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य : सुरेश कुमार

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने मंगलवार को यहां मिनी सचिवालय परिसर में जागरुकता शिविर एवं सामान वितरण समारोह आयोजित किया, जिसमें भोरंज के विधायक सुरेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे

Nov 4, 2025 - 15:31
 0  24
भोरंज में हो रहे हैं 550 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य : सुरेश कुमार
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

भोरंज में भी जल्द ही खोल दिया जाएगा कामगार कल्याण बोर्ड का कार्यालय

कामगार कल्याण बोर्ड के कार्यक्रम में लगभग 480 कामगारों को बांटे इंडक्शन हीटर

यंगवार्ता न्यूज़  - भोरंज   04-11-2025

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने मंगलवार को यहां मिनी सचिवालय परिसर में जागरुकता शिविर एवं सामान वितरण समारोह आयोजित किया, जिसमें भोरंज के विधायक सुरेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर भी उपस्थित रहे और इस दौरान लगभग 480 कामगारों को इंडक्शन हीटर प्रदान किए गए।  
 
बड़ी संख्या में उपस्थित कामगारों को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस की सरकारों के समय गरीबों और मजदूरों के कल्याण के लिए कई योजनाएं आरंभ की गईं। इसी क्रम में मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्वकाल में मनरेगा और कई अन्य ऐसी योजनाएं आरंभ की गईं, जिनसे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तथा श्रमिक वर्ग का उत्थान सुनिश्चित हुआ है। 

इसी दौरान भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की स्थापना की गई, जिसके माध्यम से श्रमिकों को कई वित्तीय लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। भोरंज के भी सैकड़ों परिवार इससे लाभान्वित हो रहे हैं। भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए सुरेश कुमार ने बताया कि इस समय क्षेत्र में 550 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य जारी हैं। यहां सभी मुख्य सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है तथा 25 नए एंबुलेंस रोड बनाए जा रहे हैं। 

क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 47 करोड़ रुपये की योजना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। पट्टा-कड़ोहता क्षेत्र के लिए 93 करोड़ की पेयजल योजना मंजूर की गई है। बस स्टैंड और अस्पताल के निर्माण तथा सम्मू ताल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी करोड़ों के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि भोरंज में अतिशीघ्र कामगार कल्याण बोर्ड का कार्यालय भी खोल दिया जाएगा।  

 इस अवसर पर बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र कामगारों तक पहुंचाने के लिए वह कृतसंकल्प हैं और इसके लिए वह हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि बोर्ड में पंजीकृत कामगारों और उनके बच्चों के कल्याण एवं उनकी हर आवश्यक जरुरतों जैसे-शिक्षा, आवास, रोजगार और विवाह इत्यादि के लिए वित्तीय मदद का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए पात्र श्रमिकों को अपना पंजीकरण अवश्य करवाना चाहिए। इससे पहले, श्रमिक कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी कामगारों का स्वागत किया और बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
 
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय बन्याल, खाद्य आपूर्ति निगम के बीओडी मैंबर विक्रम शर्मा, पर्यटन निगम के बीओडी मैंबर प्रवेश ठाकुर, वित्त आयोग के सदस्य दिग्विजय सिंह, आशीष ठाकुर, एसडीएम शशिपाल शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता तेजनाथ डोगरा, पुरुषोत्तम कालिया, रमेश डोगरा, विजय डोगरा, तरुण बन्याल, बीडीसी सदस्य बीना देवी, कंजयाण के प्रधान संजीव चौहान, दीप चंद, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य लोग भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow