यंगवार्ता न्युज शिमला 23 जून, 2026 :
सरस्वती पैराडाइज इंटनेशनल स्कूल का रिकॉर्ड जिला प्रशासन ने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही स्कूल का बैंक खाता भी फ्रीज कर दिया है। अब जिला प्रशासन की मंजूरी के बाद ही इसमें लेन देन हो पाएगा। स्कूल में पुलिस की तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त प्रशासक एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने सोमवार को स्कूल का दौरा किया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने सारा रिकॉर्ड प्रशासक को सौंप दिया। हालांकि, कुछ रिकॉर्ड अभी स्कूल की गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन रहे हिमांक मित्तल के पास है। मित्तल ने 24 जून दोपहर 2:00 बजे तक यह रिकॉर्ड प्रशासक के पास जमा करने का वक्त मांगा है। अब प्रशासन स्कूल प्रबंधन की ओर से सौंपे रिकॉर्ड की जांच करेगा।
13 जून को इस स्कूल के गेट पर दो हमलावर शूटरों ने स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद से स्कूल में पुलिस की तैनाती की गई है। एडीएम ज्योति राणा को छह महीने के लिए स्कूल का प्रशासक नियुक्त किया है।