महिलाओं के शिक्षित, स्वस्थ व सशक्त होने से  देश  होगा उन्नत : डॉ. प्रियंका चन्द्रा

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज जिला सिरमौर के डाइट नाहन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें उप मंडलाधिकारी पच्छाद डॉ. प्रियंका चन्द्रा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया

Mar 8, 2025 - 19:54
 0  29
महिलाओं के शिक्षित, स्वस्थ व सशक्त होने से  देश  होगा उन्नत : डॉ. प्रियंका चन्द्रा
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन    08-03-2025

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज जिला सिरमौर के डाइट नाहन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें उप मंडलाधिकारी पच्छाद डॉ. प्रियंका चन्द्रा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, खेलकूद व प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही है और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज को विकसित करने में अपना योगदान दे रही है। 

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमेशा ही महिलाओं के संघर्ष की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम "एक्सेलरेट एक्शन " रखी गई है यह थीम महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए तेजी से प्रगति करने की अपील करती है और महिलाओं के उत्थान के साथ-साथ समान अवसर प्रदान करने और भेदभाव समाप्त करने की दिशा में सक्रिय कदम उठाने के लिए प्रेरित करती है। 

उन्होंने कहा कि हम महिलाएं देश की आधी आबादी है महिलाओं के शिक्षित, स्वस्थ व सशक्त होने से ही हमारा देश उन्नति करेगा।  हमारे देश में नारी को पूजनीय माना गया है ऐसी हमारी परंपरा प्राचीन समय से रही है धीरे-धीरे समाज में आई कुरीतियों से महिला का स्तर कम होता गया,परंतु आज प्रत्येक महिला को पुरुष के समान अधिकार व सम्मान प्राप्त हो रहा है। 

आज महिला सशक्तिकरण का दौर है सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। महिला सशक्तिकरण का एक ऐसा ही उदाहरण  उनके उपमंडल पच्छाद की पंचायत बागपशोग में निर्मित शी-हाट की महिलाओं ने प्रस्तुत किया है। इस शी-हाट से सिरमौर को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान मिली है। 

उन्होंने समाज में ऐसे वातावरण को तैयार करने पर बल दिया जिसमें महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सके। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी  आईसीडीएस सुनील कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल  भेंट कर सम्मानित किया तथा स्वागत संबोधन करते हुए विभाग द्वारा महिलाओं व बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं व विशेष कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की। 

इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर की ओर से आए अधिवक्ता विशाल ने महिलाओं के अधिकारों व  विधिक सेवा द्वारा प्रदान की जारी विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर से रविता चौहान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से कृष्णा राठौर व डाइट नाहन  की प्रशिक्षु ने भी विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहो ने स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं  की प्रदर्शनी लगाई। 

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा म्यूजिकल चेयर,मटका फोड, मेंहदी प्रतियोगिता आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई तथा विभिन्न आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं , स्वयं  सहायता समूह की महिलाओं व आंगनवाड़ी के नन्हे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। 

डॉ. प्रियंका चंद्रा ने  सभी प्रतिभागियो तथा स्वंय सहायता समूह ददाहू, आंगनवाड़ी केंद्र मोगिनंद-2 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दया देवी व आंगनबाड़ी केंद्र चिल्लावाडी की आंगनवाड़ी सहायिका प्रिया देवी को  उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी रमा रेकटा, बाल कल्याण समिति चेयरपर्सन राजनीशा,बाल विकास परियोजना अधिकारी ईशाक मोहम्मद सहित स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow