एवीएन स्कूल के विवान और सौम्य ने जीती जिलास्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता
चिकित्सा विभाग सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में यूथ फेस्ट 2026 के तहत जिलास्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन नाहन में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें एवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
एवीएन स्कूल के प्रधानाचार्य के.के. चंदोला ने बताया कि विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों विवान और सौम्य की जोड़ी ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 3,000 रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध करवाना रहा। प्रतियोगिता में एवीएन स्कूल नाहन के अलावा एसवीएन स्कूल, अरिहंत स्कूल नाहन, करियर एकेडमी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों के बीच ज्ञान और जागरूकता को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। एवीएन स्कूल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के.के. चंदोला ने विजेता विद्यार्थियों विवान और सौम्य के साथ उनके गाइड अध्यापक तुषार चौहान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इसी प्रकार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
What's Your Reaction?


