67वीं राज्य स्तरीय छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों का उप निदेशक ने लिया जायजा
शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा में 11 से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली 67वीं राज्य स्तरीय छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में उप निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. मदन लाल ने विद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण कर प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने खेल मैदानों, खिलाड़ियों के ठहरने एवं भोजन, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न आयोजन समितियों द्वारा की जा रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
डॉ. मदन लाल ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचने वाली छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पुख्ता करने के निर्देश दिए, ताकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन व्यवस्थित एवं सफल तरीके से किया जा सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल नागवाल, शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य तथा क्रीड़ा संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रधानाचार्य अनिल नागवाल ने उप निदेशक को आश्वस्त किया कि विद्यालय प्रशासन एवं समस्त स्टाफ प्रतियोगिता के सफल और सुचारू आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।
What's Your Reaction?


