कांग्रेस ने पक्की नौकरी का वादा कर युवाओं को किया निराश, हजारों पद खाली; सुक्खू सरकार बताए भर्ती का हिसाब : डॉ. सन्नी शुक्ला
भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला ने विधानसभा में प्रस्तुत सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय युवाओं को पक्की सरकारी नौकरी और रोजगार के बड़े-बड़े सपने दिखाने वाली कांग्रेस सत्ता में आने के बाद अपने वादों से पीछे हटती दिखाई दे रही है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में हजारों पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार युवाओं को समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और रोजगार का भरोसा देने में नाकाम रही है।
यंगवार्ता न्यूज - बद्दी, 20 नवंबर :

डॉ. शुक्ला ने कहा कि विधानसभा में प्रस्तुत विभागवार विवरण प्रदेश की रोजगार व्यवस्था की गंभीर तस्वीर सामने रखता है। लोक निर्माण विभाग में 19,457, स्कूल शिक्षा विभाग में 13,182, उच्च शिक्षा विभाग में 6,021 और पुलिस विभाग में 3,822 पद रिक्त दर्शाए गए हैं। इसके अतिरिक्त पशुपालन विभाग में 2,009, वन विभाग में 1,400, हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम में 1,131 तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान क्षेत्र में 874 पद खाली बताए गए हैं। ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि प्रदेश के महत्वपूर्ण विभागों में कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। विधानसभा में प्रस्तुत यह विवरण 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 तक की अवधि से संबंधित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान पहली कैबिनेट बैठक में एक लाख सरकारी नौकरियां देने और पांच लाख रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने का वादा किया था। युवाओं ने इन घोषणाओं पर भरोसा करके कांग्रेस को सत्ता सौंपी, लेकिन आज उन्हें भर्ती, नियुक्तियों और रोजगार के सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। युवा केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया, नियमित भर्तियां और सम्मानजनक स्थायी रोजगार चाहते हैं। सरकार को बताना चाहिए कि पक्की नौकरी देने के उसके वादे का क्या हुआ और रिक्त पदों को भरने के लिए ठोस समयसीमा कब तय की जाएगी।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता और नए अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। केंद्र की नीतियों ने युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में भी प्रोत्साहित किया है। इसके विपरीत हिमाचल की कांग्रेस सरकार युवाओं की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी विभागों के रिक्त पदों का अद्यतन विवरण सार्वजनिक किया जाए, भर्ती परीक्षाओं और नियुक्तियों का स्पष्ट कैलेंडर जारी हो तथा लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब घोषणाओं और राजनीतिक भाषणों से संतुष्ट नहीं होगा। उसे अपने भविष्य के लिए ठोस निर्णय और रोजगार के वास्तविक अवसर चाहिए।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं के रोजगार, अधिकार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा। कांग्रेस सरकार को युवाओं को दिए गए वादों का जवाब देना होगा।
What's Your Reaction?