यंगवार्ता न्यूज़ - पांवटा साहिब 20 मई, 2026 :
आखिरकार तीन दिनों से चला आ रहा सस्पेंस आज उस समय खत्म हो गया जब भारतीय जनता पार्टी ने पांवटा साहिब नगर परिषद पर अपनी दावेदारी पेश की।
मीडिया से रूबरू हुए भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने कहा कि पांवटा साहिब नगर परिषद में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी समर्थित नगर परिषद बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी और पूर्व में नगर परिषद पांवटा साहिब की अध्यक्ष रही निर्मल कौर को एक बार फिर नगर परिषद का अध्यक्ष चुना गया है , वहीं उपाध्यक्ष के रूप में निर्दलीय जीत कर आए इंद्रजीत सिंह मीका को चुना गया है।
गौर हो कि पांवटा साहिब नगर परिषद में 17 तारीख को आए चुनाव नतीजे में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के चार चार जीत कर आये थे , जबकि पांच निर्दलीय जीत कर आए थे , जिसके चलते यह कयास लगाए जा रहे थे कि पांवटा साहिब में नगर परिषद पर निर्दलीयों का कब्जा होगा। वहीं भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस लगातार निर्दलीयों के संपर्क में थे कि वह निर्दलीयों को अपने पक्ष में करें , लेकिन आखिरकार पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी की रणनीति काम आई और एक बार फिर पांवटा साहिब में भाजपा समर्थित नगर परिषद बनाने में कामयाब हुए। पत्रकार वार्ता में सर्वशक्ति भटनागर , राजरानी , आशा देवी , कुलदीप चौधरी , मयंक चौहान और ममता सैनी ने भारतीय जनता पार्टी नगर परिषद को समर्थन देने का ऐलान किया।