जयराम भूल गए अब सरकार हमारी है, निर्णय हम लेंगे : सुक्खू
नगर निगम मंडी के चुनावी रण में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हुंकार भरते हुए विपक्ष और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र की भेदभाव वाली राजनीति से वे घबराने वाले नहीं हैं और हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प पूरा होकर रहेगा।
मंडी 14 मई, 2026 :

टारना, नेला और टाऊन हॉल में आयोजित चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास, आपदा राहत और भाजपा की नीतियों पर जमकर प्रहार किए। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में जनभावनाओं की अनदेखी की गई। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को घेरते हुए कहा कि जयराम ठाकुर आज बैहना जैसे ग्रामीण वार्डों को बाहर करने की बात कर रहे हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए इन क्षेत्रों को जबरन निगम में उन्होंने ही शामिल किया था।
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि शायद जयराम भूल गए हैं कि अब उनकी सरकार नहीं है। अब सरकार हमारी है और जनता के हित में निर्णय हम लेंगे। सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री पर केवल अपने क्षेत्र का विकास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए सराज में 18-18 विश्राम गृह बना दिए लेकिन मंडी शहर को अनदेखा किया। सत्ता में रहते हुए जयराम को केवल सराज याद आया और अब चुनाव आते ही उन्हें मंडी की याद आ रही है और मंडी मेरी है का रोना रो रहे हैं। उन्होंने शिवधाम के लिए बजट का प्रावधान तक नहीं किया और बिना स्टाफ के संस्थान खोलकर जनता को गुमराह किया।
What's Your Reaction?