ग्रामीण क्षेत्रों में बेखौफ सारी रात बजते हैं डीजे, हाईकोर्ट के आदेशों की हो रही अवहेलना
जुन्गा तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में शादियों, विवाह समारोहों, जागरण और अन्य सामाजिक आयोजनों के दौरान बेखौफ होकर पूरी रात तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे हैं। इससे जहां एक ओर ध्वनि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए जारी दिशा-निर्देशों की भी खुलेआम अवहेलना हो रही है। रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे, लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध संबंधी नियमों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में इनकी पालना सुनिश्चित करवाने के लिए स्थानीय पंचायतों और पुलिस प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी पग नहीं उठाए गए है। इसके चलते क्षेत्र के बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार लोगों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुद्धिजीवी वर्ग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने स्थानीय पंचायतों तथा जुन्गा पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र की पंचायतों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त नियमित रूप से नहीं होती है। कई बार देर रात तक डीजे बजने के बावजूद न तो पुलिस मौके पर पहुंचती है और न ही स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधियों की ओर से आयोजकों को नियमों का पालन करने के लिए कहा जाता है। दिन के समय भी ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस गश्त का अभाव महसूस किया जा रहा है। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब नियमों का उल्लंघन खुलेआम हो रहा है तो संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार प्रभावशाली परिवारों में विवाह समारोह और अन्य आयोजन होते हैं, जहां देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है। ऐसे मामलों में आसपास रहने वाले लोग चाहकर भी विरोध नहीं कर पाते हैं। उन्हें इस बात का डर रहता है कि आयोजकों से विवाद न हो जाए। दूसरी ओर स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधि भी ऐसे मामलों में कार्रवाई करवाने से कतराते हैं। इसी कारण ग्रामीण क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निर्धारित नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है।
बुद्धिजीवी वर्ग और गैर सरकारी संस्थाओं ने प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों को समान रूप से लागू किया जाए।
लोगों ने सरकार से यह भी मांग की है कि पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक अधिकार और स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि वे अपने क्षेत्र में होने वाले सामाजिक समारोहों के दौरान ध्वनि प्रदूषण के नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने में प्रशासन का सहयोग कर सकें। इस संबंध में एसडीएम ग्रामीण शिमला के. कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाईकोर्ट के आदेशों और ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करवाना स्थानीय पंचायतों और पुलिस प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में रातभर तेज आवाज में डीजे बजाए जाते हैं तो स्थानीय पंचायत को इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को देनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके । उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस और स्थानीय पंचायतों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि रात के समय तेज आवाज में डीजे बजाने की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो।
What's Your Reaction?


