सनौरा-नेरीपुल-छैला सड़क के विस्तारीकरण के लिए केंद्र सरकार से 200 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी
सनौरा-नेरीपुल-छैला सड़क के विस्तारीकरण के लिए 200 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने पर सड़क संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में कांगू जुबड़ी में पूर्व जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल और महेंद्र हाब्बी की अध्यक्षता में समिति की अहम बैठक आयोजित
यंगवार्ता न्यूज़ - राजगढ़ 11-02-2026
सनौरा-नेरीपुल-छैला सड़क के विस्तारीकरण के लिए 200 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने पर सड़क संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में कांगू जुबड़ी में पूर्व जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल और महेंद्र हाब्बी की अध्यक्षता में समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पझौता और रासूमांदर क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए।
बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया गया। मंजूरी मिलने की खुशी में समिति सदस्य अरुण ठाकुर द्वारा भूतेश्वर महादेव कांवटी के नाम पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
विनय भगनाल और महेंद्र हाब्बी ने बताया कि यह सड़क अपर शिमला के सेब को देश की विभिन्न मंडियों तक पहुंचाने का प्रमुख मार्ग है, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण विशेषकर सेब सीजन में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क को केवल नौ टन भार क्षमता के अनुसार बनाया था, जबकि इस पर 30 से 40 टन तक के ट्रॉले चलते हैं, जिससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गई।
समिति ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से परियोजना को शीघ्र अंतिम स्वीकृति दिलाने और सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र से मामला पुनः उठाने की मांग की। बैठक में रूपेंद्र चौहान, जितेंद्र कुमार, निशु पुंडीर, रिंकू ठाकुर, अरुण ठाकुर, दिनेश ठाकुर, नीटू हाब्बी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

