मनरेगा में बदलाव को लेकर सीएम सुक्खू का केंद्र सरकार पर हमला बोले कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन
मनरेगा में केंद्र सरकार द्वारा किए गए बदलावों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने संसद से लेकर सड़क तक सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर कर इसे धीरे-धीरे बंद करने की साजिश कर रही
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 21-12-2025
मनरेगा में केंद्र सरकार द्वारा किए गए बदलावों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने संसद से लेकर सड़क तक सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर कर इसे धीरे-धीरे बंद करने की साजिश कर रही है। अब इस मुद्दे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है और प्रदेश में जल्द बड़े आंदोलन का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मनरेगा कांग्रेस सरकार की ऐतिहासिक और जनहितकारी योजना है, जिसकी नींव पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की सोच से रखी गई थी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब देशभर में रोजगार के अवसर बंद हो गए थे, उस समय मनरेगा ने करोड़ों गरीब और मजदूर परिवारों को सहारा दिया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में की गई कटौती से हिमाचल प्रदेश को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने स्तर पर मनरेगा मजदूरों की मजदूरी बढ़ाई, लेकिन केंद्र की नीतियों के कारण योजना प्रभावित हो रही है। सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह गंभीर है और मनरेगा के समर्थन में आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसको लेकर मंत्रिमंडल के सदस्य अनशन भी कर सकते हैं, जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी।मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी और मनरेगा को कमजोर करने की हर कोशिश का डटकर विरोध किया जाएगा।
What's Your Reaction?

