विशेष बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के दल को दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट के लिए डीसी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने उपायुक्त कार्यालय परिसर से अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के तहत विशेष बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के दल को दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर 01-03-2026
बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने उपायुक्त कार्यालय परिसर से अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के तहत विशेष बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के दल को दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल अमृतसर में वाघा बॉर्डर के साथ-साथ स्वर्ण मंदिर और जलियांवाला बाग का भ्रमण करेगा।
जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला कल्याण अधिकारी के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत वृद्धाश्रम “अपना घर” देओली और विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान “नया सवेरा” नसवाल, घुमारवीं के लिए यह दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया है।
यात्रा दल में वृद्धाश्रम “अपना घर” और डे-केयर सेंटर के 14 वरिष्ठ नागरिकों के साथ 7 स्टाफ सदस्य तथा “नया सवेरा” संस्थान के 15 विशेष रूप से सक्षम बच्चे और 6 स्टाफ सदस्य शामिल हैं। दल आज वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट परेड का अवलोकन करेगा, जिसके लिए बैठने की समुचित व्यवस्था अमृतसर जिला प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित की गई है।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चे और वरिष्ठ नागरिक समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्माननीय हिस्सा हैं। उन्हें भी अन्य नागरिकों की तरह समान अवसर, सम्मान और सहभागिता का अधिकार है।
What's Your Reaction?



