उपलब्धि : हिमाचल की बेटी नंदिनी ठाकुर ने भू-वैज्ञानिक परीक्षा 2025 में देशभर में प्रथम स्थान किया हासिल
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला की नंदिनी ठाकुर ने केंद्रीय लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 'कंबाइन्ड जियो साइंटिस्ट' परीक्षा 2025 में देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया। नंदिनी की इस कामयाबी ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को गर्व और खुशी से भर दिया है
यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना 01-03-2026
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला की नंदिनी ठाकुर ने केंद्रीय लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 'कंबाइन्ड जियो साइंटिस्ट' परीक्षा 2025 में देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया। नंदिनी की इस कामयाबी ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को गर्व और खुशी से भर दिया है। कभी नंगे पैरों स्कूल जाना पड़ा, तो कभी कॉपी-पेंसिल की कमी ने सपनों की राह कठिन कर दी।
किसान पिता और मां ने हालातों से हार नहीं मानी और बेटी की पढ़ाई के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी। उसी संघर्ष को नंदिनी ठाकुर ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता में बदल दिया। पंजावर गांव की इस साधारण परिवार की बेटी ने असाधारण उपलब्धि हासिल करते हुए संघ लोक सेवा आयोग की कंबाइंड भू वैज्ञानिक परीक्षा में देशभर में टॉप कर लिया।
नंदिनी की इस कामयाबी ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को गर्व और खुशी से भर दिया है। नंदिनी ने पहली से 12वीं तक गांव के सरकारी स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद दौलत राम कॉलेज से बीएससी फिजिक्स ऑनर और डीयू से एमएससी फिजिक्स की पढ़ाई पूरी की।
नंदिनी का मानना है कि पढ़ाई और मंजिल किसी पर थोपी नहीं जाती, बल्कि लक्ष्य पाने के लिए अंदर से प्रेरित होना जरूरी है। पिता संजय ठाकुर ने कहा कि उन्होंने गरीबी देखी है, लेकिन बेटी ने मेहनत से जो मुकाम हासिल किया है, उसके लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। माता राजरानी ने बताया कि वह पशुपालन और घरेलू काम के साथ परिवार संभालती रहीं।
What's Your Reaction?



