प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशिक्षण संस्थान सांगटी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया नाम
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशिक्षण संस्थान सांगटी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन के लिए संस्थान को देशभर में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 18-03-2026
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशिक्षण संस्थान सांगटी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन के लिए संस्थान को देशभर में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सहकारी क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच यह उपलब्धि खास महत्त्व रखती है।
यह सम्मान राज्य सहकारी बैंकों के राष्ट्रीय महासंघ द्वारा 17 मार्च को गंगटोक (सिक्किम) में आयोजित राष्ट्रीय परामर्श बैठक एवं वार्षिक पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिक्किम सरकार के सहकारिता मंत्री अरुण कुमार उप्रेती ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि अरुण कुमार उप्रेती ने प्रशिक्षण संस्थान को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
भारतीय रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल के सदस्य सतीश कुमार मराठे, राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष कोंडुरु रविंद्र राव और प्रबंध निदेशक भीमा सुब्रमण्यम विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैंक की ओर से अध्यक्ष देवेंद्र श्याम और प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने सम्मान ग्रहण किया। बैंक अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन को दिया।
उन्होंने कहा कि बैंक ने महिला सशक्तिकरण के लिए सशक्त महिला ऋण योजना शुरू की है, जिसके तहत अब तक 56 हजार से अधिक महिलाओं को लगभग 165 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने बताया कि प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए गुजरात के त्रिभुवन विश्वविद्यालय के साथ नए पाठ्यक्रम जोडऩे की प्रक्रिया जारी है।
What's Your Reaction?



