बिजली उत्पादन में एसजेवीएन रामपुर ने 13302 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन कर नया कीर्तिमान किया स्थापित
एसजेवीएनएल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल करते हुए कुल 13302 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया
यंगवार्ता न्यूज़ - रामपुर 02-04-2026
एसजेवीएनएल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल करते हुए कुल 13302 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह प्रदर्शन कंपनी की मजबूत कार्यक्षमता और समर्पित टीम का परिणाम है।
प्रदेश की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं में शामिल नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन ने 7506.617 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के साथ अपने इतिहास का दूसरा सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन दर्ज किया। साथ ही मार्च 2026 में इस परियोजना ने कुल 150 अरब यूनिट उत्पादन का आंकड़ा पार कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने 2108.034 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के साथ अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अपने 11 वर्षों के संचालन में यह पहली बार है, जब इस परियोजना ने 2100 मिलियन यूनिट का आंकड़ा पार किया। इसके अलावा नैटवार मोरी जलविद्युत स्टेशन ने 310.37 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन दर्ज किया, जो इसकी निर्धारित क्षमता से लगभग 17 प्रतिशत अधिक है।
भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि के लिए कर्मचारियों को बधाई देते हुए केंद्र सरकार, विद्युत मंत्रालय, संबंधित राज्य सरकारों और सभी हितधारकों का आभार जताया। कंपनी अपनी स्थापना से ही देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में निरंतर योगदान दे रही है। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस सफलता का श्रेय कर्मचारियों की मेहनत को दिया।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं ने आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम एसजेवीएन वर्ष 2030 तक देश में 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता हासिल करने के लक्ष्य में अहम योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
What's Your Reaction?




