प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान,कृषि और पर्यटन प्रदेश का भविष्य : विक्रमादित्य सिंह

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान

Mar 22, 2025 - 16:50
Mar 22, 2025 - 17:17
 0  27
प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान,कृषि और पर्यटन प्रदेश का भविष्य : विक्रमादित्य सिंह
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     22-03-2025

जिला स्तरीय किसान मेला बनुटी में शनिवार को आयोजित किया गया, जिसमें लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान है। 

प्रदेश की 69 प्रतिशत जनसंख्या प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर है। इसी कारण प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उनकी आय बढ़ाने व खेती की लागत घटाने के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि "समृद्ध किसान-समृद्ध हिमाचल" के ध्येय को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना शुरू की है। 

यह योजना किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचाते हुए, जलवायु परिवर्तन के अनुरूप टिकाऊ खेती को अपनाने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज 2 लाख 9 हजार से अधिक किसान-बागवान परिवार प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं। यह पद्धति प्रदेश की 99 प्रतिशत पंचायतों तक पहुँच चुकी है और 36 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है। 

शिमला जिला के किसान भी इसमें अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, जहाँ 24 हजार से अधिक किसान-बागवान इस विधि को अपना चुके हैं। किसानों की उपज को पहचान और सही मूल्य दिलाने के लिए सरकार ने स्व-प्रमाणीकरण प्रणाली विकसित की है। साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में बजट में प्राकृतिक खेती उत्पादों को उचित बाजार मूल्य देने के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। 

उदाहरण के लिए, प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की 40 रुपए प्रति किलोग्राम और गेहूँ 60 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी जाएगी, जो देशभर में सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य है। उन्होंने कहा हमारी सरकार कृषि और बागवानी क्षेत्र के विकास के लिए अनेकों कार्य कर रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने गेहूं, मक्का और हल्दी के समर्थन मूल्य को बढ़ाने के साथ कृषि ऋण ब्याज सब्सिडी योजना की शुरुआत की है। 

इस योजना के तहत किसानों को ऋण पर 50 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी, जिससे उन्हें बहुत बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। इसके अलावा गाय के दूध का मूल्य 45 रुपए से बढ़ाकर 51 रुपए प्रति लीटर और भैंस के दूध का मूल्य 55 रुपए से 61 रुपए प्रति लीटर किया गया है, जिससे पशुपालकों की आर्थिकी को बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शिमला क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों से हम पूरी तरह वाकिफ हैं और यहां के किसान बागवानों को उनके उत्पादों को बाजारों तक पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क सुविधा न होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पडता था इसलिए हम इस क्षेत्र में सड़क सुविधा के विकास की दिशा में बड़ी तीव्रता से काम कर रहे हैं। 

इसके अलावा किसान-बागवान साथियों के खेत-बगीचे तक सिंचाई की पर्याप्त सुविधा मुहैया हो सके इसके लिए भी जल शक्ति और कृषि विभाग के साथ मिलकर आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए हम प्रयास कर रहे हैं।

किसान मेला में प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने पर 12 किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें संजय कुमार,  सुषमा चौहान,  हेमराज  शर्मा,  मोहन सिंह,  दुर्गा दत्त,  कपूर सिंह,  अरुणा, मीनाक्षी, निर्मला देवी,  प्रभा देवी,  तारा और उमा वर्मा शामिल रहे। 

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य  प्रभा वर्मा, जिला परिषद सदस्य संतोष शर्मा, बीडीओ कार्तिक शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व ब्लॉक  अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष  सरोज शर्मा, प्रधान दूधालटी  देवेंद्र ठाकुर,  किसान सलाहकार समिति टूटू के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा,  पूर्व ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला ठाकुर, लाल चन्द वर्मा, अध्यक्ष पूर्व पंचायती राज सैल राजेंद्र ठाकुर सहित कई मौजूद रहे।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow