यंगवार्ता न्यूज़ - राजगढ़ 06-03-2026
जिला सिरमौर के राजगढ़ के बडू साहिब स्थित ईटरनल विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल के मेस के खाने में कीड़े पाए जाने से छात्राओं ने हंगामा मचा दिया है। जानकारी के मुताबिक ईटरनल यूनिवर्सिटी बडू साहिब में छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन में कीड़े मिले हैं , जिसको लेकर छात्राओं ने शुक्रवार को ईटरनल विश्वविद्यालय के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि ईटरनल विश्वविद्यालय द्वारा छात्राओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। गुस्साई छात्राओं ने न केवल विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया , बल्कि मेस पर ताले जड़ दिए।
जानकारी के मुताबिक मामला गुरुवार शाम का है जब छात्राएं छात्रावास के मेस में खाना खाने पहुंची और जब भोजन करने लगी तो कुछ छात्राओं के भोजन में कीड़े पाए गए , जिससे छात्राओं में भारी रोष फैल गया। छात्राओं ने इसको लेकर पहले आपस में मंत्रणा की , उसके बाद शुक्रवार को सभी छात्राओं ने एकत्रित होकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। छात्राओं का कहना है कि विश्वविद्यालय द्वारा भोजन की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। उनका आरोप है कि मेस में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को सही तरीके से साफ नहीं किया जाता है , जिसके चलते भोजन में कीड़े मिलने की स्थिति सामने आई है।
इसको लेकर जब इंटरनल विश्वविद्यालय बडू साहिब से किया गया तो ईटरनल यूनिवर्सिटी बडू साहिब के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर ( PRO ) बलराज सिंह ने कहा कि छात्राओं की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आज प्रातः डॉ. टी. एस. बनिपाल , डीन अकादमिक की देखरेख में एक बैठक आयोजित की गई , जिसमें संबंधित छात्रा , मेस इंचार्ज , विश्वविद्यालय के डीन और निदेशक उपस्थित रहे। छात्रा की चिंताओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा आवश्यक स्पष्टीकरण और आश्वासन प्रदान किए गए। चर्चा के पश्चात छात्रा ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तथा विद्यार्थियों के हित में विश्वविद्यालय के उच्च प्रबंधन ने फूड क्वालिटी एंड मेस मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है।
इस समिति में डीन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, निदेशक, मेस इंचार्ज, छात्र प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित हितधारक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बडू साहिब में प्रतिदिन करीब 4000 से अधिक लोगों के लिए भोजन पकता है। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित सावधानी एवं एवं सतर्कता बरती जाती है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के भविष्य को लेकर विश्वविद्यालय पूरी तरह सतर्क है। यह समिति विश्वविद्यालय में भोजन की आंतरिक तैयारी और निगरानी प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण सहित आवश्यक कदम उठाएगी।
इटरनल यूनिवर्सिटी अपने छात्रों के कल्याण, सुरक्षा और संतुष्टि के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा परिसर की सुविधाओं और सेवाओं में उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। गौर होगी ईटरनल विश्वविद्यालय उत्तरी भारत का एकमात्र गर्ल्स विश्वविद्यालय हैं। इस विश्वविद्यालय में छात्राओं को ही शिक्षा दी जाती है , लेकिन इंटरनेट विश्वविद्यालय के भोजन में जिस प्रकार कीड़े मिलने का मामला सामने आया है उससे विश्वविद्यालय खासकर मेस को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।