मैक्लोडगंज होटल में चल रही थी रेव पार्टी , पुलिस की दबिश में चिट्टा-अफीम और चरस बरामद , दो होटल संचालकों पर केस

पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के अपर धर्मकोट स्थित एक होटल में सोमवार तड़के पुलिस ने रेव पार्टी पर छापा मारकर चिट्टा (हेरोइन), अफीम, चरस और गांजा बरामद किया। गुप्त सूचना के आधार पर कांगड़ा पुलिस की टीम ने डीआईजी उत्तरी क्षेत्र सौम्या सांबशिवन के नेतृत्व में करीब तीन बजे कार्रवाई की। पुलिस ने दो होटल संचालकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है

Sep 15, 2026 - 17:28
Sep 15, 2026 - 18:23
 0  3
मैक्लोडगंज होटल में चल रही थी रेव पार्टी , पुलिस की दबिश में चिट्टा-अफीम और चरस बरामद , दो होटल संचालकों पर केस
यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला  15-09-2026
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के अपर धर्मकोट स्थित एक होटल में सोमवार तड़के पुलिस ने रेव पार्टी पर छापा मारकर चिट्टा (हेरोइन), अफीम, चरस और गांजा बरामद किया। गुप्त सूचना के आधार पर कांगड़ा पुलिस की टीम ने डीआईजी उत्तरी क्षेत्र सौम्या सांबशिवन के नेतृत्व में करीब तीन बजे कार्रवाई की। पुलिस ने दो होटल संचालकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एएसपी कांगड़ा संजीव चौहान ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस को अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम (इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक डांस) हॉस्टल नामक होटल में रेव पार्टी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने होटल परिसर में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान होटल परिसर के कूड़ेदान से एक काला पर्स बरामद हुआ। 
पुलिस के अनुसार, पर्स में 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.70 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा व भांग के फूल मिले। बरामद नशीले पदार्थों को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जिन दो होटल संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है , उनकी पहचान आमिर खान निवासी न्यू कच्ची मस्जिद, रायसेन (भोपाल) और राधेश रंजन पजोरिया निवासी विक्रम नगर, चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। दोनों पर नशीले पदार्थों से जुड़े मामले में कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने होटल स्थानीय व्यक्ति से लीज पर लिया था। पुलिस के अनुसार, संगीत और डांस की आड़ में पर्यटकों को नशीले पदार्थ उपलब्ध कराए जाने की आशंका है। पार्टी में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये लिए जा रहे थे। 
पुलिस अब इस पूरे मामले में नशीले पदार्थों की आपूर्ति के नेटवर्क और मुख्य स्रोत की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पार्टी में मौजूद 15 लोगों को हिरासत में लेकर उनका मेडिकल कराया। पुलिस जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पार्टी में कौन-कौन लोग शामिल थे और नशीले पदार्थों की आपूर्ति किस माध्यम से की जा रही थी। दोनों होटल संचालकों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। 
मैक्लोडगंज क्षेत्र में 23 दिन के भीतर रेव पार्टी पर यह दूसरी बड़ी पुलिस कार्रवाई है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच पुलिस अब होटल और पार्टी आयोजनों में नशीले पदार्थों की उपलब्धता से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आपूर्ति के मुख्य स्रोत तक पहुंचने का प्रयास जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से मैक्लोडगंज क्षेत्र में रेव पार्टी के नाम पर नशीले पदार्थों की कथित आपूर्ति का मामला सामने आया है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि बरामद पदार्थ कहां से आए और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow