यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 18-10-2025
शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 3 साल का समय भारतीय जनता पार्टी की सरकार, केंद्र की मोदी सरकार, अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं के खिलाफ बोलते हुए निकाल चुके हैं। बाकी के 2 साल वह इसी तरह की तथ्यहीन, तर्कहीन, बे सिर पैर की बातें करके निकालना चाहते हैं। लेकिन अब उनके झूठ का घड़ा भर चुका है। वह पूरी तरीके से बेनकाब हो चुके हैं। इसलिए झूठ बोलने की बजाय समाधान निकालने की दिशा में काम करें। जिससे प्रदेश और प्रदेशवासियों का भला हो सके। प्रदेश की जनता विधानसभा से लेकर ब्रिटिश पार्लियामेंट द्वारा झूठे सर्टिफाइड हो चुके मुख्यमंत्री के बहाने और झूठ सुनने की बजाय अपनी समस्याओं का समाधान चाहती है।
एक ही झूठ को बार-बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाता बल्कि उसे बोलने वाला बेनकाब हो जाता है। यह बात मुख्यमंत्री जितनी जल्दी समझ ले उतना ही अच्छा है। आज प्रदेश के कर्मचारी सड़कों पर है। पेंशनर अपनी पेंशन की मांग कर रहे हैं। एचआरटीसी कर्मी भी अपना हक मांग रहे हैं मुख्यमंत्री उन्हें हजारों करोड़ रुपए की बातें सुना रहे हैं। एचआरटीसी के कर्ता धर्ता और मंत्री पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अक्षमता का आरोप लगाकर बातें टाल रहे हैं। लोगों को सरकार की आपसी खींचतान के बारे में बताने से बेहतर है कि मुख्यमंत्री उनकी समस्याएं सुने और सुलझाएं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश से व्यवस्था परिवर्तन वाली सुख की सरकार में लिए गए कर्ज के आंकड़े को छुपा रहे हैं। सुख की सरकार ने 34 महीने के कार्यकाल में ही लगभग 40 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया है। यानी हर महीने 1100 करोड़ से अधिक का कर्ज यह सरकार ले रही है। दु:ख इस बात का है कि यह आंकड़ा हर तिमाही में बढ़ता जा रहा है।
सुख की सरकार द्वारा प्रदेश के ऊपर नाना प्रकार के टैक्स थोपे जा रहे हैं। यह सरकार यदि अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी तो कर्ज लेने के सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी। अपनी नाकामी छुपाने के लिए यह सरकार हर दिन पूर्व की भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर अनर्गल बयानबाजी करती है। जबकि हकीकत यह है कि मोदी सरकार द्वारा 5500 करोड़ रुपए से ज्यादा की नकद आर्थिक सहायता आपदा राहत के तौर पर दी जा चुकी है और उसमें से सरकार 300 करोड़ रुपए ही आपदा प्रभावितों पर खर्च कर पाई है। आज भी सरकार की मंशा केंद्र सरकार से आपदा राहत के नाम पर धनराशि लेकर सरकार चलाने की है। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक रीना कश्यप के नेतृत्व में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वर्तमान तथा पूर्व पदाधिकारियों का एक दल नेता प्रतिपक्ष से उनके शिमला स्थित आधिकारिक निवास पर मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी एवं सर्व समावेशी नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई।
जयराम ठाकुर ने सभी को भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में पहली बार ऐसी सरकार बनी है जिसने अपने हर वादे को समय से पहले पूरा करके डिलीवर किया है। नरेंद्र मोदी की गारंटी यानी गारंटी के पूरा होने की गारंटी होती है। ऐसे समय में कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों से त्रस्त होकर नरेंद्र मोदी की जन हितकारी नीतियों में भरोसा जताना पार्टी के लिए काम करने की प्रतिबद्धता के साथ भाजपा में आने वाले कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी जी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सब का प्रयास’ के संकल्प को साकार करेंगे तथा भारतीय जनता पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में सभी भाजपा में आने के इच्छुक सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री से मिलकर विधिवत पार्टी में शामिल होंगे। जयराम ठाकुर ने सभी प्रदेशवासियों को छोटी दिवाली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व प्रकाश, उत्साह और सौहार्द का प्रतीक है। छोटी दीवाली का दिन बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की विजय का संदेश देता है। हिमाचल प्रदेश के समस्त देवी देवताओं से मैं प्रार्थना करता हूं कि यह पर्व हर घर में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।