यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 13-11-2025
मंडी से डॉक्टर बदले जाने को लेकर भाजपा विधायकों के बयानों पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा विधायकों पर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। नरेश चौहान ने कहा कि मंडी से किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा के विधायक गलत बयानबाजी कर रहे हैं। मंडी से किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
सरकार हेल्थ सेक्टर को सुधारने के लिए जरूरत के मुताबिक बदलाव कर रही है। अधूरी जानकारी देकर लोगों को गुमराह करने का कार्य किया जा रहा है। नरेश चौहान ने कहा कि विधायक मुख्यमंत्री से समय लेकर विषय की पूरी जानकारी लें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र को अलग-अलग कैडर में बांटा गया है, मेडिकल कॉलेज को अलग और डायरेक्टरेट हेल्थ को अलग कर दिया गया है। वहीं, प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने तीन साल पूरे करने जा रही है। कांग्रेस सरकार के तीन साल का जश्न कार्यक्रम मंडी में आयोजित होना है।
इसे लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि तीन सालों से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार आम आदमी के हकों की लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करना वर्तमान सरकार की प्राथमिकता है। तीन साल के कार्यक्रम के दौरान सरकार अपना बीते 3 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत करेगी।