यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 25-05-2026
गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद की अगुवाई में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से देशभर में स्लॉटरहाउस को बंद करने की भी मांग उठाई। मीडिया से बात करते हुए अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद ने बताया कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने को लेकर पिछले लंबे समय से हिंदू समुदाय द्वारा मांग उठाई जा रही है।
हिंदू समुदाय के लोगों की भावनाओं का आदर करते हुए अंजुमन इस्लामिया ने भी इसका समर्थन किया। बॉबी अहमद ने कहा कि गाय के कत्ल को लेकर अक्सर मुस्लिम समुदाय को टारगेट किया जाता है, जबकि इस मामले में सभी समुदायों की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से सख्त कानून बनाने और सभी वर्गों को साथ लेकर काम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने देशभर में संचालित बूचड़खानों को बंद किए जाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा शहर में सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए गए। ज्ञापन में मांग की गई कि जिन पशुपालकों के जानवर सड़कों पर घूमते पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि हादसों पर रोक लग सके।