यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन 28-008-2026
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन की संयुक्त टीम ने संधोली रोड के समीप एक गोदाम पर दबिश देकर लाखों नशीली गोलियां, हजारों कैप्सूल, 43.22 किलोग्राम पाउडर, कोडीन युक्त सिरप तथा करीब 49.14 किलोग्राम , विभिन्न दवाओं की प्रिंटेड फॉयल बरामद की है। गोदाम में दवाओं के भंडारण के लिए कोई वैध ड्रग लाइसेंस नहीं था। इस मामले में अंकित कौशल (38) पुत्र कमलापति कौशल निवासी गांव एवं डाकघर जैस, तहसील तिलोई, जिला अमेठी, उत्तर प्रदेश के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अंकित का नाम इससे पहले भी नशीली दवाओं के एक बड़े मामले की जांच में सामने आ चुका है और वह फिलहाल धर्मशाला में ट्रांजिट रिमांड पर है। हाल ही में हरियाणा पुलिस ने नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं की एक खेप पकड़ी थी। इस मामले की पड़ताल के दौरान अंकित की फर्म एएस केमिकल से जुड़े एक कर्मचारी को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया। इसके बाद हरियाणा से बद्दी पुलिस को इस नेटवर्क से संबंधित महत्त्वपूर्ण इनपुट मिले। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर बद्दी पुलिस ने गत 26 अगस्त की रात ड्रग विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
कार्रवाई में एसएचओ बद्दी डा. शिव राम, ड्रग इंस्पेक्टर अक्षय ठाकुर और ड्रग इंस्पेक्टर हरीश रणौत शामिल रहे। तलाशी एएस केमिकल वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड की अकाउंट्स मैनेजर इंदुबाला की मौजूदगी में की गई। संबंधित गोदाम अंकित कौशल द्वारा कर्मचारी सरोज के माध्यम से परिसर मालिक राजन पुत्र गुरबचन सिंह से किराए पर लिया गया था। तलाशी के दौरान गत्ते की पेटियों , बोरियों और पैकेटों में क्लोनाजेपाम 0.25/0.5 एमजी की 55650 गोलियां, अल्प्राजोलम 0.5/1 एमजी की 305518 गोलियां, ट्रामाडोल-डाइसाइक्लोमाइन के 19245 कैप्सूल तथा ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 3100 गोलियां बरामद हुईं।
इसके अलावा ट्रामाडोल/क्लोनाजेपाम/अल्प्राजोलम से संबंधित 20.96 किलोग्राम पाउडर तथा 22.26 किलोग्राम ट्रामाडोल पाउडर बरामद किया गया। टीम को कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन सिरप की 41 बोतलें भी मिलीं। राज्य दवा नियंत्रक डा. मनीष कपूर ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।