यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना 05-08-2026
सितंबर. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ऊना के कोटला कलां स्थित बाबा बाल जी आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धापूर्वक शामिल हुए। वह शुक्रवार देर रात दिल्ली से सीधे कोटला कलां में राष्ट्रीय संत श्री बाबा बाल जी महाराज द्वारा स्थापित श्री राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचे। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने मंदिर में भगवान श्री ठाकुर जी का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की और भगवान श्री राधा-कृष्ण तथा बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व में भाग लिया तथा भगवान से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कामना की कि भगवान श्री कृष्ण की कृपा और आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे। उन्होंने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को श्रद्धा और आस्था का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि कोटला कलां स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर एवं आश्रम क्षेत्र ही नहीं, प्रदेशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां वर्षभर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन एवं संत बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संत-महात्माओं का सानिध्य सदैव समाज को आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सद्मार्ग की ओर प्रेरित करता है। बाबा बाल जी महाराज द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास श्रद्धालुओं को भक्ति और मानव सेवा की प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहां युवा पीढ़ी नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई की गिरफ्त में जा रही है।
ऐसे चुनौतीपूर्ण दौर में बाबा बाल जी महाराज द्वारा समाज को आध्यात्मिकता, सदाचार और संस्कारों से जोड़ने का कार्य अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है। बाबा बाल जी महाराज ऊना जिला के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत के असंख्य श्रद्धालुओं को प्रभु के चरणों से जोड़कर समाज में सकारात्मक सोच, भक्ति और मानवता का संदेश पहुंचाने का पुनीत कार्य कर रहे हैं।