CU के 9वें दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति ने मेधावी छात्रों को किया सम्मनित
धर्मशाला। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश धर्मशाला के 9वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए
यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला 14-03-2026
धर्मशाला। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश धर्मशाला के 9वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को “देवभूमि” और “वीरभूमि” बताते हुए राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आतिथ्य की सराहना की।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने देश की सशस्त्र सेनाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, और यहां के लोगों की देशभक्ति और सेवा भावना पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक विश्वविद्यालयों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी शिक्षा प्रणाली विकसित करने के लिए संकाय विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए, नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए और आपसी सहयोग को मजबूत करना चाहिए।
“विकसित भारत 2047” के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में छात्र और युवा सबसे महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने समावेशी विकास पर जोर देते हुए कहा कि देश के विकास की यात्रा में कोई भी राज्य या समाज का कोई भी वर्ग पीछे नहीं रहना चाहिए। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता, प्रदेश के कृषि मंत्री चंद्र कुमार, हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



