यंगवार्ता न्यूज़ - चम्बा 29-04-2025
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में श्री परशुराम जयंती के शुभ अवसर पर आज ब्राह्मण कल्याण परिषद भटियात द्वारा रायपुर कस्बे में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कार्यक्रम में श्री परशुराम का विधिवत पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में शहीद हुए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर प्रार्थना भी की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने श्री परशुराम जयंती की समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब भी सामाजिक विसंगतियों और असंतुलन के चलते अन्याय में वृद्धि हुई तब धरती पर भगवान ने अवतार लिया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्री परशुराम जी का अवतरण धरती पर हो रहे अन्याय, अधर्म और पाप कर्मों का विनाश करने के लिए हुआ था।
कुलदीप सिंह पठानिया ने मानवीय जीवन में नैतिक मूल्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए उपस्थित लोगों के समक्ष सामाजिक सद्भाव की कामना के साथ श्री परशुराम जी का अनुसरण कर जीवन में आगे बढ़ने का भी आग्रह किया। विधानसभा अध्यक्ष ने भटियात ब्राह्मण कल्याण परिषद को सभी सामाजिक कार्यों में सहयोग का आश्वासन देते हुए गरनोटा कस्बे में परशुराम भवन बनाने के लिए भूमि से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। उन्होंने भटियात ब्राह्मण कल्याण परिषद को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक लाख की धनराशि अपनी ऐच्छिक निधि से उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। भटियात विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की अपनी विशेष प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि क्षेत्र में लोगों की आवश्यकताओं तथा अपेक्षा के अनुरूप विकासात्मक परियोजनाओं का दृढ़ निश्चय एवं संकल्प के साथ कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाया जा रहा है।
कुलदीप सिंह पठानिया ने दुरगाई घट्टा- रायपुर संपर्क मार्ग को माह जून तक पक्का करने की भी घोषणा की। साथ में उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर-स्यूण तथा दुरगाई घट्टा- जावल मार्ग का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भक्ति रस पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान लोगों की समस्याओं का भी समाधान किया। एसडीएम पारस अग्रवाल , डीएसपी योगेश्वर कुमार, सदस्य निदेशक मंडल वन निगम चेला कृष्णानंद , अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजय कंवर , महासचिव राजीव कौशल , उपाध्यक्ष नगर पंचायत सुरेंद्र चाढक , वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन , कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राखी कौशल , अधिशासी अभियंता विद्युत पंकज राठौर , लोक निर्माण नरेंद्र चौधरी , ब्राह्मण कल्याण परिषद से उत्तम कौशल, डॉ गिरिराज गौतम, डॉ बृजेंद्र शर्मा, अनिल डोगरा, अनिल शर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।