जुन्गा पुलिस बटालियन में आधुनिक ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी निःशुल्क सुविधा
प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन, जुन्गा में कमांडेंट भूपेन्द्र सिंह नेगी ने रविवार को आधुनिक ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। इन्होने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध करवाना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करना तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 11 अक्टूबर :
कमांडेंट नेगी ने कहा कि बटालियन की यह ई-लाइब्रेरी केवल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जुन्गा तथा आसपास के क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं के लिए भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होगी। यहां विद्यार्थी केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री का लाभ उठा सकेंगे।
कमांडैंट ने बताया कि सतलुज जल विद्युत परियोजना द्वारा ई लाईब्रेरी के लिए 75 इंच का स्मार्ट टीवी उपलब्ध करवाया गया है। जिसके माध्यम से सप्ताह में एक दिन स्थानीय लोगों के लिए निःशुल्क फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होने इस सहयोग के लिए परियोजना प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है । उन्होंने इस मौके पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया ।
सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर प्रकाशानंद ने कहा कि वह पिछले 50 वर्षों से प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन, जुन्गा से जुड़े हैं लेकिन पिछले पांच महीनों में यहां जिस तरह के सकारात्मक बदलाव हुए हैं, वह अपने आप में एक रिकार्ड हैं। ग्राम पंचायत जुन्गा के प्रधान रामलाल ने कहा कि ई-लाइब्रेरी ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे बच्चों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधन और अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। वहीं, व्यापार मंडल जुन्गा के प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि यह पहल बटालियन और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी सहयोग, विश्वास और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
बटालियन में कार्यरत महिला कर्मचारी एलसी रितिका शर्मा और एलसी ज्योति ने भी ई-लाइब्रेरी की स्थापना को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाबिता राणा, उप पुलिस अधीक्षक हरीश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक कमल किशोर और चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित शर्मा सहित बटालियन के अधिकारी एवं कर्मचारी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
What's Your Reaction?


