ग्रामीण मेलों से पोषित होती है पहाड़ी संस्कृति : जयराम ठाकुर 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को जिला स्तरीय बालीचौकी देवता मेले का विधिवत समापन किया और मेले में उपस्थित देवी देवताओं का दर्शन कर आशीर्वाद लिया

May 27, 2025 - 20:04
 0  40
ग्रामीण मेलों से पोषित होती है पहाड़ी संस्कृति : जयराम ठाकुर 
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

देवता कमेटियां को दिये विधायक निधि से दस लाख, मेला कमेटी को 31 हज़ार 

यंगवार्ता न्यूज़ - बालीचौकी   27-05-2025

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को जिला स्तरीय बालीचौकी देवता मेले का विधिवत समापन किया और मेले में उपस्थित देवी देवताओं का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर यहां मेले की जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा  कि मैं यहां तक का विधायक हूँ और बिना बुलाये भी आ जाता हूँ। 

इस बार मेला कमेटी ने सामूहिक रूप से निर्णय लेकर अच्छा संदेश दिया और मुझे निमंत्रण देने आए। मेलों को राजनीति से दूर ही रखना चाहिये। यहां सभी दलों के लोग होते हैं और यही मेल मिलाप हमारी देव संस्कृति और समाज को आपस में जोड़ता है। उन्होंने कहा कि इन्हीं देवी देवताओं के आशीर्वाद से मुझे 28 साल राज्य विधानसभा में आपका प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। 

आप लोगों के सहयोग से ही मुख्यमंत्री बनकर पूरे प्रदेश की सेवा का मौका मिला। आज आप हालत स्वयं देख रहे हैं। पहले इस मेले का कोई न कोई मंत्री या मुख्यमंत्री उद्घाटन और समापन करने अवश्य आता था जिससे विकास को गति मिलती थी। उन्होंने कहा कि यहां के विकास के लिए आगे भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। 

आज देवता कमेटियों के अलग अलग लोगों के आवेदन आए हैं और मैं सभी तो दस लाख रुपए अपनी विधायक निधि से जारी करने की घोषणा करता हूँ। साथ ही उन्होंने मेला आयोजन कमेटी को 31 हज़ार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये मेले हमारी प्राचीन देव संस्कृति के संवाहक हैं। इन्हीं मेलों के आयोजन से हमारी पहाड़ी संस्कृति पोषित होती है।   

ये मेला मंडी और कुल्लू सराज का सांझा उत्सव है। हमारे न केवल देवताओं में आपसी भाईचारे के संबंध हैं बल्कि नाते रिश्ते भी आपस में हैं। इस तरह के ग्रामीण मेलों को बढ़ावा देने और उनका संरक्षण करने की दिशा में सरकारों को और काम करना होगा। इस क्षेत्र में सड़क और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किये जायेंगे। 

मुझे खुशी है यहां इस उपमंडल के तहत पुलों और सड़क निर्माण में हमारी सरकार ने काफी धनराशि जारी की थी और अब धामन, बालीचौकी और हणोगी के पुल बनकर तैयार हैं जिनपर करीब 40 करोड़ रुपए खर्च हुए। उन्होंने कहा कि मैंने विधायक प्राथमिकता में भी कर सड़कों के काम डाले हैं जो अब जल्द धरातल में उतरेंगे। 

इस अवसर पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिलाध्यक्ष भाजपा निहाल चंद शर्मा, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं पंचायत प्रधान दिले राम, भाजपा अध्यक्ष बालीचौकी मुकेश मैडी, पूर्व अध्यक्ष शेर सिंह, जोगिंदर शर्मा, बबलू शर्मा, संजीव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow