यंगवार्ता न्यूज - कुल्लू 11 अगस्त :
कुल्लू और मंडी जिले में बीती रात से जारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के बीच कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने के साथ भूस्खलन हुआ है। आनी में अलग-अलग स्थानों पर दो कारें चट्टानों और मलबे की चपेट में आ गईं। एक हादसे में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरी कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसके अलावा सैंज-न्यूली मार्ग, मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग और कई वैकल्पिक मार्ग भी भूस्खलन व पत्थर गिरने से बाधित हुए हैं।
आनी में पहला हादसा किरण बाजार-बराड़ के बीच एनएच-305 पर हुआ। बारिश के दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा चलती कार पर आ गिरा। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोग मलबे में फंस गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर आनी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मलबा गिरने के कारण एनएच-305 पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
आनी में एनएच-305 पर किरण बाजार-बराड़ के बीच हुए हादसे में घायल दोनों लोगों की पहचान पदम सिंह (53) पुत्र गुमत राम, निवासी गांव दोघरी, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू और अब्दुल रहमान (32) पुत्र नवाबदीन, निवासी गांव दोगरीमोड़, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबी कार से बाहर निकालकर आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।