डॉ. एम.पी. परमेश्वरन के निधन पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने किया गहरा शोक’व्यक्त
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, जन विज्ञान आंदोलन के प्रखर चिंतक तथा भारत ज्ञान विज्ञान समिति के संस्थापक सचिव डॉ. एम.पी. परमेश्वरन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। समिति ने उनके निधन को देश के जन विज्ञान आंदोलन, प्रगतिशील आंदोलन और वैज्ञानिक चेतना के अभियान के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तँवर, राज्याध्यक्ष प्रो. टी.डी. वर्मा तथा राज्य सचिव एवं कोषाध्यक्ष जीयानन्द शर्मा ने कहा कि डॉ. परमेश्वरन ने अपना पूरा जीवन विज्ञान को आम लोगों से जोड़ने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाने तथा विकास की वैकल्पिक सोच को आगे बढ़ाने में समर्पित किया। उनके 1993 में शिमला आने को याद करते हुए डॉ. कुलदीप सिंह तँवर ने कहा कि हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के पहले राज्य सम्मेलन में डॉ. परमेश्वरन की उपस्थिति प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा का स्रोत बनी। उनके विचारों और सक्रिय मार्गदर्शन ने हिमाचल में जन विज्ञान आंदोलन को नई दिशा देने और उसे तेजी से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होने बताया कि केरल में उनके नेतृत्व में विकसित ‘पीपल्स प्लान’ इसी सोच का एक महत्वपूर्ण उदाहरण था। विकेंद्रीकृत योजना निर्माण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर आधारित इस पहल ने केरल में विकास की प्रक्रिया को नई दिशा दी और बाद में देश में भी ऐसी सोच को आगे बढ़ाने के प्रयास हुए।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने कहा कि डॉ. एम.पी. परमेश्वरन के निधन से जन विज्ञान आंदोलन ने एक ऐसे चिंतक, विचारक, वैज्ञानिक और मार्गदर्शक को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
What's Your Reaction?


