चमियाना में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी को अंजाम देते हुए 23 साल पहले निगले सिक्के को फूड पाइप से निकाला

शिमला के सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल चमियाना में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी को अंजाम देते हुए 23 साल पहले निगले गए सिक्के को फूड पाइप से निकाला है। 23 साल पहले एक बच्ची ने गलती से सिक्का निगल लिया था

Oct 17, 2025 - 18:40
Oct 17, 2025 - 19:10
 0  3
चमियाना में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी को अंजाम देते हुए 23 साल पहले निगले सिक्के को फूड पाइप से निकाला

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    17-10-2025

शिमला के सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल चमियाना में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी को अंजाम देते हुए 23 साल पहले निगले गए सिक्के को फूड पाइप से निकाला है। 23 साल पहले एक बच्ची ने गलती से सिक्का निगल लिया था। यह सिक्का इतने वर्षों तक उसकी भोजन नली में फंसा रहा। अब जब उसे भूख न लगने की शिकायत हुई तो वह चमियाना आई।

डॉक्टरों की टीम ने जटिल सर्जरी कर उसे सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाना के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग की टीम जिसमें डॉ. बृज शर्मा, डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. विशाल बोध और डॉ. आशीष चौहान शामिल थे ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। यह सर्जरी इतनी जटिल थी कि पहले कई अस्पतालों में प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिल पाई थी। 

जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय युवती पिछले कुछ समय से भूख न लगने और निगलने में परेशानी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टरों ने जब जांच की तो सामने आया कि उसकी भोजन नली में सिक्का फंसा हुआ है, जो बचपन में निगल लिया गया था। डॉक्टरों ने शुक्रवार को एंडोस्कोपिक तकनीक से ऑपरेशन किया और सिक्के को सावधानीपूर्वक निकालने में सफलता पाई। 

अब युवती पूरी तरह से स्वस्थ है और चिकित्सकों की निगरानी में कुछ दिनों के लिए दाखिल की गई है। डॉ. बृज शर्मा ने बताया कि यह केस बेहद चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि सिक्का लंबे समय से भोजन नली में फंसा हुआ था, जिससे आसपास के ऊतक सख्त हो चुके थे, लेकिन गैस्ट्रो टीम ने धैर्य और विशेषज्ञता से ऑपरेशन को अंजाम दिया। अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टरों की इस सफलता को चमियाना मेडिकल टीम की बड़ी उपलब्धि बताया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow