यंगवार्ता न्यूज़ - काँगड़ा 01-03-2026
पालमपुर में पारंपरिक उल्लास और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ राज्यस्तरीय होली महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। मेले की शुरुआत रंग-बिरंगी शोभायात्रा के साथ हुई , जो पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से आरंभ होकर गांधी ग्राउंड तक निकाली गई। शोभायात्रा में स्थानीय कलाकारों , विभिन्न सांस्कृतिक दलों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर वातावरण को उत्सवमय बना दिया। इस मौके पर दंगल प्रतियोगिता का दंगल अखाड़े के भूमि पूजन के साथ हुआ।
इस अवसर पर पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने पारंपरिक विधि-विधान से भूमि पूजन कर दंगल प्रतियोगिता की शुरुआत की और मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष होली महोत्सव की खास आकर्षण गद्दियाली नाटी रही। लगभग 300 गद्दी समुदाय की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में एक साथ नाटी प्रस्तुत कर समां बांध दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर सजीव लोकनृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गद्दियाली नाटी ने मेले को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया और स्थानीय परंपराओं की झलक पेश की। शाम के समय सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा , जिसमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। पूरे आयोजन ने पालमपुर में होली के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान की है।
पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने हिमाचल की जनता को होली पर्व की बधाई दी और कहा कि इस बार पालमपुर में पहली बार महा नाटी का आयोजन किया जा रहा है जिसके लिए पालमपुर प्रशासन ने पहले तैयारी कर ली थी और आज से होली मेले का आगाज हो गया हैं। इस तरह के मेले क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।