देश में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन बन चुका है सबसे बड़ा अपराध : राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश में भाजपा के शासन में शांतिपूर्ण विरोध करना सबसे बड़ा अपराध बन गया
न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली 26-02-2026
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश में भाजपा के शासन में शांतिपूर्ण विरोध करना सबसे बड़ा अपराध बन गया है। राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को ऐसी दिशा में धकेला जा रहा है, जहां असहमति को देशद्रोह और सवाल पूछने को साज़िश बताया जाता है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यदि कोई नागरिक संवैधानिक तरीके से सत्ता के खिलाफ आवाज़ उठाता है, तो उसके हिस्से में लाठीचार्ज, मुकदमे और जेल ही आते हैं। उन्होंने विभिन्न आंदोलनों का हवाला देते हुए कहा कि पेपर लीक से परेशान युवाओं के विरोध का जवाब लाठियों से दिया गया।
महिला पहलवानों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करने वाली खिलाड़ियों की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया गया और उनके आंदोलन को कुचल दिया गया। इसी तरह, एक दुष्कर्म पीड़िता के समर्थन में इंडिया गेट पर हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन को भी हटाया गया।
युवा कांग्रेस द्वारा अमरीका के साथ हुए ट्रेड डील के विरोध का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को “देश विरोधी” बताकर गिरफ्तार किया गया।
What's Your Reaction?



