लाहौल स्पीति के गाहर घाटी में हालड़ा उत्सव धूमधाम से आयोजित
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की गाहर घाटी में भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद पारंपरिक लोकपर्व हालडा को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया
यंगवार्ता न्यूज़ - लाहौल-स्पीति 02-02-2026
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की गाहर घाटी में भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद पारंपरिक लोकपर्व हालडा को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। रविवार को रात करीब 9 बजे समस्त गाहर घाटी “हालडा हो… हालडा हो…” के जयकारों से गूंज उठा।
कारदंग, बरबोग, केलांग और यूरनाथ पंचायतों के ग्रामीण अपने-अपने घरों से बनाई गई लकड़ी की मशालें लेकर बाहर निकले और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हालडा निकाला। मान्यता है कि हालडा की अग्नि से बुरी शक्तियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि का आगमन होता है।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपने इष्ट देवी-देवताओं और शिष्करपा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की। कड़ी ठंड और लगातार बर्फबारी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय बना रहा। हालडा के बाद अब घाटी में कुंस पर्व और फिर गोची उत्सव का आयोजन होगा। इसके साथ ही ग्रामीण धीरे-धीरे आगामी खेती सीजन की तैयारियों में जुटेंगे।
What's Your Reaction?

