कुल्लू 30 मई, 2026
शनिवार को पंचायत चुनाव के लिए तीसरा और अंतिम चरण का मतदान हुआ। इस दाैरान कुल्लू जिले की ग्राम पंचायत तलाड़ा के वार्ड नंबर एक में कंढा मतदान केंद्र में देव संस्कृति और लोकतंत्र की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मतदान केंद्र में पोलिंग पार्टी ने फर्श पर बैठकर ही मतदान करवाया। पोलिंग पार्टी ने कमरे में फर्श पर बैठकर मतदान करवाने का निर्णय देवता गर्ग ऋषि के सम्मान में किया। कंढा गांव के कुछ क्षेत्र में देव प्रथा के अनुसार कुर्सी पर बैठना तथा पलंग पर सोना मना है। इस प्रथा का पता जैसे ही पोलिंग पार्टी को चला तो उन्होंने भी देव परंपरा का निर्वहन करने का फैसला किया। बिना कुर्सी और टेबल के बूथ सजाया। ऐसे में पोलिंग टीम के पीठासीन अधिकारी मनोज महाजन, बूथ अधिकारी मनोज शर्मा, सोमदत्त, चरणजीत तथा सुरक्षा कर्मचारी भागादेई और ईश्वर दास ने भी देव परंपरा तथा प्राचीन मान्यता का निर्वहन करने का फैसला किया। इसके बाद सात बजे के बाद शुरू हुए मतदान की प्रक्रिया को फर्श पर बैठ कर निभाया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने मतदान प्रक्रिया में बढ़चढ़ कर भाग लिया।